मैं संजयनगर दशहरा समिति का अध्यक्ष मनोहरलाल बोल रहा हूँ। जितने भी दर्शक आए हैं शांति बनाए रखें और वह आतिशबाजी का आनंद लें। भगवान राम भी अपनी वानर सेना के साथ मैदान में पधार चुके हैं। रावण दहन शीघ्र ही किया जाएगा। मंच पर हमारे मुख्य अतिथि श्री राजेश पटेल और उनके छोटे भाई विवेक पटेल, दोनों आ चुके हैं। श्री राजेश पटेल मेरे बड़े भाई जैसे हैं और यहाँ के जाने माने समाजसेवक हैं, और जनता के प्रेम में मज़बूर होकर उन्हें राजनीति ज्वाइन करना पड़ा और पिछले 10 वर्ष से राजनीति में सक्रिय हैं। श्री राजेश पटेल ने इस दशहरा उत्सव के आयोजन में अपना भरपूर योगदान दिया है और हमेशा देते रहेंगे। मैं बहुजन समाज पार्टी के युवा नेता भाई कस्तूरी लाल से अनुरोध करता हूँ कि वह मंच पर आकर राजेश पटेल जी का स्वागत करें।
अब मैं कपूर ज्वेलर्स के श्री नेकचंद जैन जी से अनुरोध करता हूँ कि वह भाई राजेश पटेल जी का स्वागत करें। श्री नेकचंद ने तन-मन-धन से इस दशहरा समिति के आयोजन में सहयोग दिया है।
भारतीय युवा मोर्चा के श्री गुमान भाई भी राजेश पटेल जी का स्वागत करें। यह विशाल कुंभकर्ण श्री गुमान भाई के सौजन्य से बना है। कृपया जल्दी-जल्दी मंच पर आएं। गुमान भाई ! और साथ में कमल त्यागी भी आ जाएँ।
एल.आई.जी. कल्याण समिति के सचिव श्री गौतम मंडल हमारे नेता श्री राजेश पटेल जी का स्वागत करेंगे। कृपया ताली बजाते जाएँ। दर्शकों से मेरा निवेदन है कि घेरे के अंदर न घुसें। सिक्योरिटी गार्ड और वालंटियर उधर देखिए क्या हो रहा है?
श्री सखाराम सेठ श्री राजेश पटेल का स्वागत करें।
श्री विद्याधर, सेठ गजानन, सेठ कर्मचंद श्री राजेश पटेल का स्वागत करें। तीनों एक साथ आ जाएँ। श्री राम जी, अपनी वानर सेना को सम्हालिए, बस थोड़ी देर और है, फिर पुतला दहन करते हैं। दर्शक कृपया जल्दबाजी न करें।
अखंड जागरण समिति, कल्याणगंज के मुखिया श्री सुखबीर जी हमारे मुख्य अतिथि श्री राजेश पटेल का स्वागत करेंगे।
सुप्रसिद्ध समाजसेवक यासीन भाई, श्री राजेश पटेल का स्वागत करेंगे। दिगंबर कुर्मी, प्रहलाद सोलंकी, गणेशचंद माँझी श्री राजेश पटेल का स्वागत करेंगे।
संजयनगर के प्रधान श्री कालूराम पासवान मुख्य अतिथि राजेश पटेल का स्वागत करेंगे। श्री नरेंद्र उप प्रधान भी साथ आ जाएँ। श्री रामखिलावन, श्री तेजेंदर खन्ना, श्री .... अरे, राम जी एक मिनट और रूकिए। भगवान राम मैं आपके हाथ जोड़ता हूँ बस दस मिनट और फिर पुतला...। हे भगवान, बाक़ी का स्वागत बाद में करेंगे... मैं राजेश पटेल जी और श्री विवेक पटेल जी से अनुरोध करता हूँ कि भगवान राम के साथ जाएँ और पुतला दहन में सहयोग करें। पटेल साहब दौड़कर जाइए, अबे राम ! रूक ! पटेल साहब को साथ लेता जा...